बालोतरा, 19 जनवरी।
जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव सोमवार को धोरीमन्ना दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने तहसील एवं उपखण्ड कार्यालय, नगर पालिका, राजकीय अस्पताल तथा पंचायत समिति कार्यालय का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार व जनहित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


जिला कलक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत तहसील एवं उपखण्ड कार्यालय से की। यहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं का अवलोकन करते हुए राजस्व प्रकरणों की स्थिति, लंबित मामलों, रिकॉर्ड संधारण तथा आमजन की सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।


इसके पश्चात जिला कलक्टर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क व प्रकाश व्यवस्था सहित नगर के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर दिया।


राजकीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्टाफ की उपस्थिति की जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से प्रदान की जाएं।


अंत में पंचायत समिति कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे और कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।


निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुशासन प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रमेश, उपखण्ड अधिकारी श्री भंवर विश्नोई सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *